Pregnant woman found murdered in Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-2 में रहने वाली एक महिला का शव (Dead Body) घर से करीब दो किलोमीटर दूर बंद बोरे में मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
चार महीने की गर्भवती थी महिला
मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के राजधनवार निवासी 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चार महीने की गर्भवती थी। इस घटना ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पति फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना के बाद से महिला का पति पवन स्वर्णकार फरार है। वह पेशे से Toto चालक बताया जाता है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पति ने खुद दी थी मौत की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को आरोपी पति ने खुद ससुराल वालों को फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी थी। उसने बताया कि विवाद के दौरान उसने पत्नी को सिलबट्टे पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
परिजनों का कहना है कि प्रीति और उसके पति के बीच किसी युवक से कथित संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते हत्या की गई है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद Police मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

