Punjab and Sind Bank Recruitment : बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पंजाब एंड सिंध बैंक ने Local Bank Officer (LBO) के 1000 पदों पर भर्ती के लिए Notification जारी किया है।
इस भर्ती का Notification 30 मार्च 2026 को जारी हुआ है, जबकि आवेदन प्रक्रिया 31 मार्च से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 20 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योग्यता और आयु सीमा
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 मार्च 1996 से पहले और 1 मार्च 2006 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियम अनुसार छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता के तहत किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से Graduation अनिवार्य है। साथ ही बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में अधिकारी के रूप में कम से कम 18 महीने का अनुभव होना जरूरी है।
आवेदन शुल्क
जनरल, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये फीस तय की गई है।
वैकेंसी डिटेल्स
इस भर्ती के तहत देशभर में कुल 1000 पद भरे जाएंगे। सबसे ज्यादा 200 पद उत्तर प्रदेश में हैं। इसके अलावा गुजरात में 125 और पंजाब में 100 पद शामिल हैं। अन्य राज्यों में भी अलग-अलग संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी।
सैलरी और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को JMGS-I स्केल के तहत 48,480 रुपये से 85,920 रुपये तक सैलरी मिलेगी। जॉइनिंग के समय तीन अतिरिक्त इंक्रीमेंट दिए जाएंगे। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, मेडिकल और यात्रा भत्ता जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी, जो 120 अंकों की होगी और इसमें 2 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में अंग्रेजी, बैंकिंग, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।
इसके बाद इंटरव्यू और Local Language Test लिया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा के 70 प्रतिशत और इंटरव्यू के 30 प्रतिशत अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
कैसे करें आवेदन
उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें, फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखें।

