Rahul Gandhi Assam Rally : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में एक चुनावी जनसभा के दौरान सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोगों के बीच नफरत फैला रही है।
विश्वनाथ जिले में आयोजित सभा में Rahul Gandhi ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मशहूर गायक Zubin Garg जैसी है, जिन्होंने अपना जीवन असम के लोगों को एकजुट करने में लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नफरत के खिलाफ प्यार और भाईचारे की राजनीति करती है।
राहुल गांधी ने CM हिमंत बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि असम में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे माफी ही क्यों न मांगें। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आम लोगों के बजाय कुछ बड़े कॉर्पोरेट समूहों के हित में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल उद्योगपतियों के फायदे के लिए किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाए और कहा कि दिल्ली में बैठे नेता असम के संसाधनों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने छह समुदायों को अनुसूचित जाति और जनजाति का दर्जा देने का वादा किया है। इसके अलावा चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों के लिए 450 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता दी जाएगी और छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए लोगों को 50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।

