Share Market Rise: करीब 40 दिनों से मिडिल ईस्ट में जारी तनाव थमने की खबर से भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। बाजार खुलने से पहले ही सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 3.5 फीसदी की उछाल दर्ज की गई।
प्री-ओपन में सेंसेक्स 2600 से ज्यादा अंकों की छलांग लगाकर 77,290 के आसपास ट्रेड करता दिखा। वहीं निफ्टी 3 फीसदी से ज्यादा या करीब 730 अंकों की तेजी के साथ 23,731 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार खुलने के बाद भी तेजी बनी रही। सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर सेंसेक्स 2,686 अंकों की बढ़त के साथ 77,313 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी करीब 800 अंकों की तेजी के साथ 23,921 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया।
ग्लोबल संकेतों से मिला बाजार को सहारा
ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद ग्लोबल मार्केट से भी सकारात्मक संकेत मिले।
बुधवार सुबह गिफ्ट निफ्टी में शानदार तेजी देखने को मिली। सुबह करीब 8 बजे गिफ्ट निफ्टी 3 फीसदी या 700 से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
इससे भारतीय बाजार के लिए मजबूत शुरुआत के संकेत मिल गए थे।
एशियाई बाजारों में भी दिखी तेजी, तेल की कीमतों में गिरावट
सीजफायर का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला। होर्मुज स्ट्रेट खुलने की खबर के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 13 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल 97.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
RBI के फैसले से भी बाजार को उम्मीद
आज आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी मीटिंग के फैसलों का भी ऐलान होना है।
बाजार को उम्मीद है कि रेपो रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। इस उम्मीद ने भी बाजार के माहौल को सकारात्मक बनाया है और निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
अमेरिकी बाजार में मिला-जुला असर
मंगलवार शाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किया। इसके बाद अमेरिकी शेयर बाजार में मिला-जुला असर देखने को मिला।
ट्रंप ने दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई है। साथ ही शांति समझौते पर बातचीत जारी है।
हालांकि अमेरिकी बाजार में शुरुआती प्रतिक्रिया मिली-जुली रही, लेकिन एशियाई और भारतीय बाजारों में इसका सकारात्मक असर साफ नजर आया।

