Ranchi : राजधानी रांची के रहने वाले मर्चेंट नेवी के अनुभवी शिप कैप्टन राकेश रंजन सिंह (47) का निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार कैप्टन राकेश 2 फरवरी को रांची से दुबई गए थे और छुट्टी के बाद ‘अवाना’ नामक जहाज को ज्वाइन किया था। जहाज तेल लेने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य गया था। तेल लोड करने के बाद 1 मार्च को जहाज भारत के लिए रवाना हुआ, लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण उसे समुद्र में ही रोक दिया गया।
बताया जा रहा है कि जहाज दुबई से करीब 60 किलोमीटर दूर समुद्र में 18 से 20 दिनों तक खड़ा रहा। जहाज पर कैप्टन राकेश के साथ करीब 35 अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे। 18 मार्च को अचानक कैप्टन राकेश की तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर जहाज से दुबई एटीसी से एयर एंबुलेंस की मांग की गई, लेकिन क्षेत्र में तनाव के कारण अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्हें बोट के जरिए दुबई के तट तक लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई।
फिलहाल उनका शव दुबई के शेख राशिद अस्पताल के मॉर्चरी में रखा गया है। पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। कैप्टन राकेश रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते थे। वे मूल रूप से बिहारशरीफ के निवासी थे। अपने पीछे वे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि अब तक मौत के सही कारणों की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की बात सामने आ रही है। परिवार ने केंद्र सरकार से पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने और हर संभव सहायता की मांग की है। करीबी लोगों ने मीडिया को बताया कि कैप्टन राकेश एक अनुशासित और जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनके निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि जानने वालों में भी शोक की लहर है।

