Gumla : गुमला सदर थाना क्षेत्र के जयपुर रोड पर गुरुद्वारे के पास शुक्रवार को लोगों ने गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन करते हुए गैस एजेंसी पर सही तरीके से आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी लोगों को सिलेंडर लेने के लिए बुलाती है, लेकिन वहां पहुंचने पर केवल कुछ लोगों को ही गैस मिल पाती है और बाकी लोग खाली हाथ लौट जाते हैं। इस वजह से लोगों को बार-बार चक्कर लगाना पड़ता है और उनका अन्य काम भी प्रभावित हो रहा है।
लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से घर-घर गैस पहुंचाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन यह व्यवस्था सही तरीके से लागू नहीं हो पा रही है। इससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है और मजबूर होकर उन्हें सड़क जाम करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की। वहीं, जिला आपूर्ति पदाधिकारी संदीप भगत ने कहा कि जिले में पहले की तुलना में ज्यादा गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है और प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों में यह धारणा बन गई है कि गैस नहीं मिलेगी, जिससे परेशानी बढ़ रही है। जिले की डीसी प्रेरणा दीक्षित भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं और गैस एजेंसियों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

