Weather Updates: देश के कई हिस्सों में रविवार को भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई जगहों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। अकोला और वर्धा में सबसे ज्यादा 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी, नागपुर और रायसेन समेत कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
इन राज्यों में चलेगी हीट वेव
भारत मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कई राज्यों में हीट वेव चलने की संभावना है।
- पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में 19 और 20 अप्रैल
- छत्तीसगढ़ में 19 और 20 अप्रैल
- पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 से 23 अप्रैल
- झारखंड में 20 और 21 अप्रैल
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 अप्रैल
- पश्चिमी राजस्थान में 20 से 23 अप्रैल
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 21 से 23 अप्रैल
इन इलाकों में लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
आईएमडी के अनुसार जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम बदलेगा
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 19 से 23 अप्रैल के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी भारत में गरज और तेज हवाएं
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में 23 अप्रैल को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य भारत और महाराष्ट्र में बदल सकता है मौसम
महाराष्ट्र के तटीय इलाकों, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज, बिजली और हल्की बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में उमस भरी गर्मी
आईएमडी के अनुसार केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। इसके अलावा गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भी 20 से 25 अप्रैल के दौरान उमस बढ़ सकती है। कुल मिलाकर देश के कई हिस्सों में एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ बारिश व तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
