USA and Iran War: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ जारी तनाव पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि अगर ईरान ने साफ नीयत से बातचीत नहीं की, तो डोनाल्ड ट्रंप के साथ खिलवाड़ करना भारी पड़ सकता है।
वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका-ईरान सीजफायर के बावजूद खाड़ी क्षेत्र में हमलों की खबरें सामने आ रही हैं और हालात फिर से तनावपूर्ण होते दिख रहे हैं।
सीजफायर के बीच खाड़ी देशों में बढ़ा खतरा
एक ओर बुडापेस्ट में कूटनीतिक बातचीत जारी है, वहीं दूसरी ओर खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। संयुक्त अरब अमीरात ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम गंभीर मिसाइल खतरे का सामना कर रहा है।
वहीं कुवैत ने भी ताजा हमलों की जानकारी दी है। इन घटनाओं ने सीजफायर की स्थिरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने पर बनी सहमति
बुडापेस्ट में संबोधन के दौरान जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल सीजफायर लागू है।
इस समझौते के तहत अमेरिका और उसके सहयोगियों ने ईरान पर हमले रोकने पर सहमति दी है। इसके बदले में ईरान ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने पर सहमति जताई है।
यह जलमार्ग वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
ट्रंप जल्द चाहते हैं नतीजा
जेडी वेंस ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ईरान मामले में प्रगति को लेकर काफी अधीर हैं और जल्द ठोस परिणाम चाहते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने अमेरिकी वार्ता दल को निर्देश दिए हैं कि वे ईरान के साथ गंभीरता से बातचीत कर समझौते तक पहुंचें।
वेंस के मुताबिक, ईरान के भीतर से कुछ सकारात्मक संकेत मिले हैं। हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान में कुछ लोग सीजफायर को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं।
अमेरिका ने दी सख्त चेतावनी
जेडी वेंस ने कहा कि अगर ईरान ईमानदारी से बातचीत करता है, तो समझौता संभव है। लेकिन अगर ईरान झूठ बोलता है या सीजफायर को कमजोर करने की कोशिश करता है, तो इसके परिणाम गंभीर होंगे।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास अब भी मजबूत सैन्य, कूटनीतिक और आर्थिक दबाव बनाने की क्षमता है। हालांकि ट्रंप प्रशासन बातचीत के जरिए समाधान चाहता है।
वेंस ने साफ कहा कि अगर ईरान बातचीत के लिए आगे नहीं आता, तो उसे पता चल जाएगा कि अमेरिका का नेतृत्व सख्त रुख अपनाने से पीछे नहीं हटेगा।
यूक्रेन युद्ध पर भी यूरोप से नाराजगी
रूस‑यूक्रेन युद्ध को लेकर भी जेडी वेंस का लहजा तीखा रहा। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति कुछ सीमित इलाकों को लेकर खिंची सौदेबाजी बन गई है।
वेंस ने यूरोप के राजनीतिक नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका उनके ढुलमुल रवैये से निराश है। उन्होंने दोहराया कि डोनाल्ड ट्रंप इस युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रखेंगे।
सीजफायर के बावजूद बढ़ती चिंता
अमेरिका-ईरान सीजफायर के बीच खाड़ी देशों में बढ़ते हमलों ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात जल्द स्थिर नहीं हुए, तो इसका असर तेल आपूर्ति, वैश्विक व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है।

