Ranchi : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस कांड में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला लालपुर थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 01 अप्रैल 2026 से जुड़ा है, जिसमें अज्ञात चोरों द्वारा घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 31 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे।
CCTV फुटेज से खुला राज
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विक्की कुमार (23 वर्ष), निवासी एदलहातु, मोराबादी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। इसके बाद उसके साथी किशन कुजूर (22 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
•लक्ष्मी-गणेश और गणेश छाप के चांदी के सिक्के
•बिछिया (6 पीस)
•चांदी की पायल (एक जोड़ा)
•अन्य चांदी के सिक्के
•17,296 रुपये नकद
पहले से भी दर्ज हैं कई केस
मुख्य आरोपी विक्की कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बरियातु, गोंदा, लोअर बाजार और रातू थाना में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
वहीं, किशन कुजूर के खिलाफ भी पूर्व में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया।

