Ranchi News: राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बार रातू रोड स्थित ग्लैक्सिया मॉल में चल रहे पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के जरिए यह धमकी भेजी, जिसमें पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की बात कही गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ता
धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। कोतवाली DSP प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद पासपोर्ट कार्यालय और पूरे मॉल परिसर में सघन जांच शुरू की गई।
घंटों चली तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस और BDS टीम ने पासपोर्ट ऑफिस के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली। मॉल के अलग-अलग हिस्सों में भी जांच अभियान चलाया गया। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
साइबर टीम जुटी, ईमेल भेजने वाले की तलाश
हालांकि धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच जारी रखे हुए है। अब उस ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि मेल किसने और कहां से भेजा।
पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी रांची में इसी तरह की धमकी सामने आ चुकी है। कुछ समय पहले रांची सिविल कोर्ट और समाहरणालय को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी आरडीएक्स से विस्फोट की बात कही गई थी, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला था।

