Prime Minister Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। गर्भगृह में करीब 30 मिनट तक चली पूजा-अर्चना के दौरान पंच पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्हें विधि-विधान से पूजा कराई।
वैदिक मंत्रों और शंखनाद के बीच हुआ स्वागत
पीएम मोदी जैसे ही मंदिर परिसर में पहुंचे, पूरा परिसर वेदमंत्रों से गूंज उठा। मुख्य प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखनाद के साथ उनका स्वागत किया। कई पुजारी पंक्ति में खड़े होकर डमरू वादन कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और स्वागत कर रहे पुजारियों का आभार जताया।
14 किलोमीटर लंबे रोड शो के बाद पहुंचे मंदिर
काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने वाराणसी में 14 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर नाचते दिखे और जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया। काफिले पर फूल बरसाए गए और पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। हालांकि, वह कहीं रुके नहीं और सीधे मंदिर पहुंचे।
गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से की पूजा
मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग के सामने बैठे। विशेष पुजारियों ने पहले उनके हाथ धुलवाए और पवित्रता मंत्र पढ़कर पूजा का संकल्प कराया। इसके बाद षोडशोपचार पूजा पद्धति से भगवान विश्वनाथ की पूजा शुरू हुई। पीएम मोदी ने देवता का आह्वान किया, पाद्य और अर्घ्य अर्पित किया और सभी धार्मिक विधियों का पालन किया।
गंगाजल, दूध और हल्दी जल से किया अभिषेक
पूजा के दौरान पीएम मोदी ने गंगाजल, हल्दी जल, अक्षत और दूध से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किया। उन्होंने मंदार माला भी अर्पित की। पंच पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ उन्हें माला पहनाई, त्रिपुंड लगाया और मस्तक पर चंदन लेपन किया। पूजा के अंत में पीएम मोदी ने पंचदीप से आरती की और मंदिर की प्रदक्षिणा भी की।
त्रिशूल और डमरू भेंट, तस्वीरें हुईं वायरल
पूजा के बाद जब पीएम मोदी मंदिर परिसर से बाहर आए तो भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल, डमरू और बाबा विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की। पीएम मोदी ने त्रिशूल हाथ में लेकर उसे हवा में लहराया, जिसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं। उनके इस अंदाज को अलग-अलग राजनीतिक संकेतों के तौर पर भी देखा जा रहा है।
बच्चों से भी की मुलाकात
मंदिर में पूजा के बाद पीएम मोदी बच्चों से भी मिले और उनसे बातचीत की। इस दौरान उनका बेहद सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला।

