झारखंड में अचानक बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार को राजधानी रांची में शाम करीब 4 बजे ही ऐसा माहौल बन गया जैसे रात हो गई हो। आसमान घने काले बादलों से पूरी तरह ढक गया और देखते ही देखते तेज गर्जन, बिजली चमकने और वज्रपात की घटनाएं शुरू हो गईं। इस दौरान हल्की बारिश भी हुई। हालांकि बारिश बहुत तेज नहीं हुई, लेकिन अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। दिनभर की तपिश के बाद जब ठंडी हवा चली और बूंदाबांदी हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।

कई जिलों में हुई हल्की बारिश

रांची के अलावा जमशेदपुर, कोडरमा समेत राज्य के कई जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ घंटों में झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में झारखंड का सबसे ज्यादा तापमान डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग काफी परेशान रहे। यहां बारिश का असर लगभग नहीं दिखा, जिससे गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

लातेहार में मौसम रहा सुहावना

दूसरी ओर लातेहार में मौसम बिल्कुल अलग नजर आया। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य के कई जिलों से 7 से 8 डिग्री कम है। दोपहर के समय हल्की ठंडी हवा चलने से लोगों को काफी राहत मिली। यहां न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी की ओर असम के पास एक अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इन दोनों मौसमीय सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से राज्य में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन रही है।

आज तापमान में गिरावट की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, पलामू और कोडरमा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं राज्य के दक्षिणी हिस्सों जैसे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ दिन पहले यहां तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अब मौसम में बदलाव से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने तेज बारिश और वज्रपात को लेकर कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी, रामगढ़, देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर शामिल हैं। इन जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट

वहीं पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, चतरा और सिमडेगा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Hot this week

दुमका मेडिकल कॉलेज समेत 7 मेडिकल कॉलेज पर NMC का 1-1 करोड़ जुर्माना

Dumka : राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने प्रशिक्षु डॉक्टरों को...

लोहरदगा–रांची–टोरी रूट पर फिर दौड़ेंगी ट्रेनें, तीन महीने बाद बहाल होगा परिचालन

Ranchi : लोहरदगा–रांची–टोरी रेल मार्ग पर करीब तीन महीने...

Topics

दुमका मेडिकल कॉलेज समेत 7 मेडिकल कॉलेज पर NMC का 1-1 करोड़ जुर्माना

Dumka : राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने प्रशिक्षु डॉक्टरों को...

झारखंड के सरकारी स्कूलों में 40 लाख बच्चों को मिलेगा स्कूल बैग

Ranchi : झारखंड के सरकारी स्कूलों में नए शैक्षणिक...

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की नियमावली में बड़े बदलाव की तैयारी

Ranchi : झारखंड में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img