Ranchi : झारखंड में 19 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खासकर 19 और 20 मार्च को मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिलेगा। 20 और 21 मार्च को भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे मौसम सुहाना रहेगा, लेकिन पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। कई जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों से खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। इधर, राज्य में गर्मी भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। 18 मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री रहा, जिससे यहां रातें अपेक्षाकृत गर्म महसूस हुईं।
सबसे ज्यादा गर्मी डाल्टनगंज में दर्ज की गई, जहां तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा चाईबासा में 34.8 डिग्री और बोकारो में 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो कोडरमा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

