Ranchi : गर्मी की छुट्टियों में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने अजमेर और रांची के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जिससे दोनों राज्यों के बीच सफर आसान होगा। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 09619 अजमेर–रांची साप्ताहिक स्पेशल 17 अप्रैल से 10 जुलाई तक चलेगी। यह ट्रेन हर शुक्रवार रात 11:05 बजे अजमेर से रवाना होगी और जयपुर होते हुए रविवार सुबह 7:30 बजे रांची पहुंचेगी। इस दौरान कुल 13 फेरे लगाए जाएंगे।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09620 रांची–अजमेर साप्ताहिक स्पेशल 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन हर रविवार सुबह 10:50 बजे रांची से खुलेगी और सोमवार शाम 6:35 बजे अजमेर पहुंचेगी।
हर वर्ग के यात्रियों के लिए सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सेकेंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी शामिल हैं। इससे यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।
यात्रियों को होगा सीधा फायदा
रेलवे के इस फैसले से खासकर झारखंड और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करने में भी यह स्पेशल ट्रेन मददगार साबित होगी।

