Ranchi News: झारखंड में मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों के लिए आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़, हजारीबाग और रांची जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में ओलावृष्टि की संभावना कम है, लेकिन आंधी-बारिश और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
शुक्रवार से बिगड़ सकता है मौसम
विभाग ने बताया कि शुक्रवार से मौसम और खराब हो सकता है। इस दौरान राज्यभर में बादल छाए रहेंगे और रांची समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान रांची समेत दक्षिणी जिलों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि देखी गई। पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रांची, रामगढ़, सिमडेगा, लोहरदगा और लातेहार में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
खेती पर पड़ सकता है असर
ओलावृष्टि के पूर्वानुमान से किसानों की चिंता बढ़ गई है। दलहन, तिलहन, मटर और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। तेज आंधी से आम के मंजर को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
मौसम बदलने की वजह
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के केंद्रीय हिस्से और उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक एक निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इन्हीं सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम में बदलाव का दौर जारी रहने की संभावना है।

