Kolkata : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। हालांकि, अब तक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। इसे पूर्वी भारत में लंबे समय से विपक्ष का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। 9 मई को शपथ ग्रहण होना है, जो खास इसलिए भी है क्योंकि इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती होती है।
CM की दौड़ में सुवेंदु अधिकारी आगे
भाजपा की बड़ी जीत के बाद सरकार गठन को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी समेत राज्य के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली जा रहे हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होगा। फिलहाल, सुवेंदु अधिकारी को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वहीं, PM मोदी ने बंगाल में मिली जीत को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य में नए युग की शुरुआत है और अब ध्यान बदले की राजनीति पर नहीं, बल्कि विकास पर होना चाहिए।
चुनाव नतीजों में भाजपा को बड़ी बढ़त
चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत मिला है। पार्टी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी अपनी सीट पर हार का सामना करना पड़ा।
ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप
चुनाव नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 100 सीटों पर गड़बड़ी हुई है और चुनाव आयोग ने निष्पक्षता नहीं बरती। साथ ही, उन्होंने ईवीएम और मतगणना केंद्रों पर भी अनियमितताओं के आरोप लगाए।
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने ममता बनर्जी के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है।

