Ranchi : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में सोमवार को राकेश रंजन ने शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। एसएसपी ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान अखाड़ा और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने आयोजकों से अपील की कि पर्व को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहर में वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान प्रवीण पुष्कर, पारस राणा और राकेश सिंह सहित अन्य वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

