Ranchi Administration on alert Regarding Ram Navami : रांची में आगामी रामनवमी (Ram Navami) पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और जरूरी सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
इसी कड़ी में आज यानी मंगलवार को DC मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ शहर के कई इलाकों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सिटी SP पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर SDM कुमार रजत और ADM Law and Order राजेश्वर नाथ आलोक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने जुलूस मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिरों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
जुलूस मार्ग को सुरक्षित रखने के निर्देश
DC ने जुलूस के मार्ग का जायजा लेते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए रास्ता साफ और सुरक्षित होना चाहिए। जहां जाम या बाधा की आशंका है, उसे पहले ही दूर करने को कहा गया। साथ ही जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
मंदिरों में सुविधाओं की जांच
प्रशासनिक टीम ने बांधगाड़ी, रातू रोड (पंडरा), महावीर चौक, मेडिकल चौक मंदिर, भूतहा तालाब हनुमान मंदिर, मेन रोड बजरंगबली मंदिर, डोरंडा और तपोवन मंदिर समेत कई जगहों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बिजली, पानी, साफ-सफाई, CCTVऔर भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
तपोवन मंदिर में विशेष तैयारी
रामनवमी जुलूस का अंतिम पड़ाव तपोवन मंदिर होने के कारण यहां खास इंतजाम किए जा रहे हैं। डीसी ने सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की मजबूत व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पूरे जिले में शांति बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
भाईचारे का संदेश
डोरंडा की सेंट्रल मुहर्रम कमिटी के सदस्यों ने भी प्रशासन का स्वागत किया और कहा कि रामनवमी का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।
लोगों से सहयोग की अपील
DC ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि रामनवमी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
