राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें, दोहरी नागरिकता मामले में FIR दर्ज करने का आदेश

Rahul Gandhi Dual Citizenship Case: राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने रायबरेली से सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। यह मामला उनकी कथित ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ा हुआ है। कोर्ट में सवाल उठाया गया है कि क्या राहुल गांधी के पास भारत के साथ-साथ ब्रिटेन की भी नागरिकता है। अगर ऐसा है, तो क्या वह भारत में सांसद बने रह सकते हैं। यह याचिका विग्नेश शिशिर ने दाखिल की थी। उन्होंने मांग की थी कि राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की जाए क्योंकि उन पर दोहरी नागरिकता रखने का आरोप है।

राहुल गांधी पर क्या है आरोप

याचिका में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी के पास दोहरी नागरिकता है। यानी वह भारतीय नागरिक होने के साथ-साथ ब्रिटिश नागरिक भी हैं। भारतीय कानून के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति के पास दोहरी नागरिकता नहीं हो सकती। अगर किसी के पास दूसरे देश की नागरिकता है, तो वह भारत में चुनाव नहीं लड़ सकता और सांसद नहीं बन सकता।

रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद उठा विवाद

2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी रायबरेली सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद विग्नेश शिशिर ने कोर्ट में याचिका दाखिल की।याचिका में कहा गया कि अगर राहुल गांधी के पास ब्रिटिश नागरिकता है, तो उनका सांसद बनना गैरकानूनी माना जा सकता है।

कोर्ट ने क्या कहा

जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की बेंच ने मामले की सुनवाई के बाद FIR दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट ने रायबरेली थाने को निर्देश दिया कि राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। इसके साथ ही कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की मांग स्वीकार करते हुए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने की अनुमति दे दी।

केंद्र सरकार की भूमिका पर भी दावा

विग्नेश शिशिर ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने इस मामले से जुड़ी अहम फाइलें कोर्ट के सामने पेश करने की अनुमति दी। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों के आधार पर कोर्ट ने FIR दर्ज करने का आदेश दिया।

अब आगे क्या होगा

अब इस मामले की जांच CBI करेगी। FIR दर्ज होने के बाद जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि राहुल गांधी के पास वास्तव में ब्रिटिश नागरिकता है या नहीं। विग्नेश शिशिर ने यह भी कहा है कि वह जांच में पुलिस और एजेंसियों को पूरा सहयोग करेंगे। इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मामले पर और बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।

Hot this week

कुएं में गिरने से रिटायर फौजी की मौत, इलाके में शोक

Gumla News : झारखंड के गुमला जिले के सदर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img