Karur IT Raids : तमिलनाडु के करूर जिले में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी से जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई में 50 से अधिक आयकर अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी (Raid) की संख्या बढ़ भी सकती है।
आयकर विभाग की टीम सबसे पहले सेंगुंथपुरम इलाके में स्थित ‘Shankar Anand Infra Private Limited’ के कार्यालय पहुंची। यह कंपनी सेंथिल बालाजी के समर्थक एमसी शंकर आनंद की बताई जा रही है। सुबह करीब 11 बजे अधिकारियों ने यहां पहुंचकर जांच शुरू की।
इसी क्षेत्र में Third Street पर मौजूद कंपनी के एक अन्य कार्यालय में भी तलाशी ली जा रही है। यहां आयकर अधिकारियों के साथ सुरक्षा के लिए हथियारबंद पुलिस बल तैनात है।
इसके अलावा पलानीप्पा नगर स्थित शंकर आनंद के घर पर भी छापेमारी की गई। वहीं, थिरुक्कमपुलियूर इलाके में करूर-कोयंबटूर रोड के पास स्थित ‘शक्ति मेस’ और उसके मालिक कार्तिक के कोठाई नगर स्थित घर पर भी आयकर विभाग ने कार्रवाई की है।
आयकर विभाग की टीमें कोयंबटूर रोड स्थित ‘कोंगू मेस’ और उसके मालिक सुब्रमणि के रायलूर स्थित घर सहित कुल सात स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और Paramilitary के जवान तैनात हैं।

