New Delhi : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद बलबीर पुंज का शनिवार को निधन हो गया। वे 76 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया और इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया।
बलबीर पुंज बीजेपी के उन नेताओं में गिने जाते थे, जिन्होंने संगठन को वैचारिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके थे और युवावस्था में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। वर्ष 1971 में मीडिया जगत में कदम रखने के बाद उन्होंने लंबे समय तक सक्रिय पत्रकार के रूप में काम किया। बाद में वे राजनीति में आए और बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल हुए।
वे दो बार राज्यसभा सांसद रहे पहली बार 2000 से 2006 तक उत्तर प्रदेश से और दूसरी बार 2008 से 2014 तक ओडिशा से। इसके अलावा उन्होंने नेशनल यूथ कमीशन फॉर यूथ के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया, जिसे केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के बराबर दर्जा प्राप्त होता है। संगठन और लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वे दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के दो बार अध्यक्ष भी रहे और एक प्रभावशाली लेखक के रूप में भी उनकी पहचान थी।

