Iran and US War: होर्मुज में तनाव के बीच भारतीय झंडे वाले जहाज पर फायरिंग का मामला सामने आया है। इस घटना का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें जहाज का क्रू ईरानी नौसेना से मदद की गुहार लगाता सुनाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि ईरान ने बीते दिन भारतीय जहाजों पर फायरिंग की। शनिवार को ईरानी गनबोट्स ने भारत के दो तेल टैंकरों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। हालांकि इस घटना में किसी भी भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है। फायरिंग के बाद भारतीय झंडे वाले इन टैंकरों को मजबूरन अपना रास्ता बदलकर वापस लौटना पड़ा। इसी बीच इस पूरी घटना का ऑडियो सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।
30 सेकंड के ऑडियो में मदद की गुहार
सामने आया ऑडियो “सनमार हेराल्ड” नाम के कच्चे तेल के टैंकर का बताया जा रहा है। समुद्री खुफिया एजेंसी “टैंकर ट्रैकर्स” ने इस 30 सेकंड का ऑडियो साझा किया है। ऑडियो में जहाज का एक क्रू मेंबर ईरानी नौसेना से संपर्क करने की कोशिश करता सुनाई देता है। वह कहता है — “सिपह नेवी, सिपह नेवी, मैं मोटर टैंकर सनमार हेराल्ड से बोल रहा हूं। आपने ही मुझे आगे बढ़ने की क्लीयरेंस दी थी। आपकी लिस्ट में मेरा नाम दूसरे नंबर पर है। लेकिन अब आप हम पर फायरिंग कर रहे हैं। हमें वापस मुड़ने दीजिए।”
ग्रीन एरिया में हुई फायरिंग
अमेरिकी प्रसारक एनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस वक्त फायरिंग हुई, जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के सुरक्षित माने जाने वाले ग्रीन एरिया में था। बताया जा रहा है कि जहाज ने अपनी पहचान छुपाने के लिए एआईएस सिस्टम बंद कर दिया था। लेकिन पूर्वी छोर पर पहुंचते ही इसे फिर से चालू कर दिया गया। सनमार हेराल्ड के अलावा “जग अर्नव” नाम के एक अन्य भारतीय जहाज को भी ईरानी सेना की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
एक हफ्ते पहले दिया था भरोसा
भारत के लिए यह स्थिति बेहद संवेदनशील मानी जा रही है। महज एक हफ्ते पहले भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने एक इंटरव्यू में कहा था कि होर्मुज का रास्ता भारतीय जहाजों के लिए खुला रहेगा। उन्होंने दावा किया था कि ईरान सरकार और भारत के बीच इस मामले में अच्छे संपर्क हैं। लेकिन अब भारतीय झंडे वाले जहाजों पर फायरिंग की खबर ने इस भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

