Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने रविवार को संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन किया। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई। रांची में कुल 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासन की सख्त निगरानी में परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
कड़ी जांच के बाद ही मिला प्रवेश
सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। प्रवेश से पहले सभी की सघन जांच की गई। बिना एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
निषेधाज्ञा लागू, सख्त नियम
परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 से 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नकल या गड़बड़ी रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही विभिन्न जगहों पर वाहन जांच भी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधा
महिला उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की गई है।
कंट्रोल रूम से निगरानी
पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

