Pakur News : पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड के पचुआरा केवट टोला गांव में एक घर में घुसे जहरीले कोबरा सांप का वन विभाग की टीम ने सफल Rescue किया। करीब 5.5 फीट लंबे इस सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर बाद में जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार केवट के घर में अचानक एक बड़ा कोबरा सांप घुस गया। जैसे ही घर के लोगों की नजर उस पर पड़ी, वे घबरा गए और शोर मचाने लगे। लोगों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग (Forest Department) को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी अशराफुल शेख मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि यह स्पेक्टेकल्ड कोबरा है, जो बेहद जहरीला होता है।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। वनकर्मी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाएं और उनसे दूरी बनाकर रखें। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के बजाय तुरंत अस्पताल में इलाज कराना चाहिए।

