Bharat Gaurav Train: तीर्थ यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 11 मई से भारत गौरव ट्रेन के जरिए विशेष धार्मिक यात्रा शुरू होने जा रही है। यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी, जिसमें श्रद्धालुओं (Devotees) को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
इस यात्रा के दौरान उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, सोमनाथ, गुजरात के नागेश्वर, नाशिक के त्र्यंबकेश्वर, औरंगाबाद के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका और शिरडी साईं बाबा के दर्शन कराए जाएंगे।
IRCTC के पूर्वी क्षेत्र कोलकाता के सहायक महाप्रबंधक मौनिक दत्ता और झारखंड पर्यटन प्रभारी अरविंद चौधरी के अनुसार, यह ट्रेन ओडिशा के झारसुगड़ा से चलेगी। यात्री राउरकेला, रांची, मूरी, बोकारो, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, राजगीर, बिहारशरीफ, पटना, बक्सर और डीडीयू स्टेशनों से चढ़ और उतर सकेंगे। धनबाद के यात्री अपनी सुविधा अनुसार बोकारो या अन्य नजदीकी स्टेशन से यात्रा शुरू कर सकते हैं।
यात्रा के लिए किराया तय किया गया है। स्लीपर क्लास का किराया 23,315 रुपये, Third AC का 41,570 रुपये और सेकंड एसी का 50,410 रुपये प्रति यात्री है। पांच साल तक के बच्चों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए 90 प्रतिशत किराया देना होगा। 10 या उससे अधिक लोगों की समूह बुकिंग पर प्रति यात्री 750 रुपये की छूट भी दी जाएगी।
टिकट बुकिंग के लिए धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर पर स्थित IRCTC Area Office में सुबह 10 बजे से शाम तक सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 8595937711 पर भी जानकारी ली जा सकती है। यात्रा पैकेज में ठहरने, स्थानीय परिवहन और भोजन की व्यवस्था शामिल है।
यात्रा को खास बनाने के लिए Train में भजन-कीर्तन की भी व्यवस्था की गई है। एक कोच में भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी, जहां यात्री बैठकर भजन-कीर्तन कर सकेंगे। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखा गया है।

