Dhanbad : जिले के सोनारडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई। बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर जनता मजदूर संघ से जुड़े और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने शुभम पर तीन गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के समय शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर पर मौजूद था। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अशर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस घटना को लेकर उनके समर्थकों में आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक शुभम यादव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शुभम यादव को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं मेयर संजीव सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच की मांग की गई है और जल्द ही इसका खुलासा होने की उम्मीद है।

