Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। एक तरफ कुछ जिलों में बादल और हल्की बारिश की संभावना है, तो दूसरी ओर रविवार से भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के कई जिलों में आज बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। कुछ जगहों पर तेज हवा और गरज-चमक भी हो सकती है।
भीषण गर्मी का असर जारी
शुक्रवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और गर्मी देखने को मिली। सबसे अधिक तापमान पलामू क्षेत्र में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटे में कोल्हान क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई। रांची में भी कई जगहों पर बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई। पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 37.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पहले दिन से थोड़ा कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार से अगले तीन दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इसका असर पलामू, कोल्हान और आसपास के जिलों में ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम बदलने की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार से छत्तीसगढ़ तक बनी एक ट्रफ लाइन झारखंड से गुजर रही है। इसी कारण कुछ जगहों पर बादल और हल्की बारिश हो रही है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है।

