Ranchi : रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की हालिया परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए आयोग के अध्यक्ष को पत्र भेजकर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न-पत्रों में कई गलतियां पाई गई हैं। इसके अलावा प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी में भी त्रुटियों की शिकायतें मिली हैं। इन गड़बड़ियों से अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है और परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए इस तरह की लापरवाही को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने इसे परीक्षार्थियों के साथ अन्याय बताते हुए आयोग की साख पर भी असर पड़ने की बात कही। उन्होंने आयोग को निर्देश दिया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों या कर्मियों की गलती सामने आए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
साथ ही भविष्य में ऐसी गलतियों को रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रिया में सुधार करने पर जोर दिया गया है। राज्यपाल ने कहा कि प्रश्न-पत्र तैयार करने से लेकर उत्तर कुंजी जारी करने तक हर स्तर पर सावधानी बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग को पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए परीक्षाओं का संचालन करना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे। अब इस मामले में आयोग क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

