Latehar : लातेहार जिले में रिचुघुटा रेलवे स्टेशन के पास आज यानी शुक्रवार को एक युवक और युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव रेलवे लाइन के किनारे पड़े मिले, जिसे देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।
जांच के दौरान युवक की पहचान शत्रुधन सिंह के रूप में हुई है, जो बरवाडीह थाना क्षेत्र के ओपाग गांव का रहने वाला था। वहीं युवती सदर थाना क्षेत्र के कुलगड़ा गांव की निवासी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हो सकता है। फिलहाल दोनों की मौत कैसे हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

