Iran and US Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सीजफायर खत्म होने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इसी बीच दोनों देशों के बीच बातचीत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। संकेत मिल रहे हैं कि शांति वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान जा सकता है।
पाकिस्तान में हो सकती है अमेरिका-ईरान वार्ता
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, दो अधिकारियों ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि अमेरिका और ईरान शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाएंगे। हालांकि अभी तक दोनों देशों ने आधिकारिक तौर पर वार्ता के समय और तारीख की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान में यह बातचीत कराई जा सकती है। इस खबर के बाद कूटनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जेडी वेंस और गलीबाफ करेंगे टीम की अगुवाई
पाकिस्तान से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान की संसद के स्पीकर गलीबाफ बुधवार सुबह इस्लामाबाद पहुंच सकते हैं। दोनों नेता अपनी-अपनी टीमों की अगुवाई करेंगे और संभावित शांति वार्ता में हिस्सा लेंगे। अगर यह बैठक होती है तो अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव कम करने की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जाएगा।
ट्रंप बोले बेहतरीन डील होकर रहेगी
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के साथ समझौते को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ एक बेहतरीन डील होने जा रही है और अमेरिका मजबूत स्थिति में है।
सीजफायर बढ़ाने से किया इनकार
सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच डील जरूर होगी। उन्होंने कहा कि समय कम है लेकिन हम सफल होंगे। ट्रंप ने साफ कहा कि वह सीजफायर बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं और जल्द से जल्द बातचीत के जरिए समाधान चाहते हैं।
तनाव के बीच बढ़ी उम्मीद
सीजफायर खत्म होने से पहले संभावित वार्ता की खबर से उम्मीद जगी है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम हो सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पाकिस्तान में संभावित बैठक कब होती है और इससे क्या नतीजा निकलता है।