Seraikela Aadhaar Update : सरायकेला जिले में आधार पंजीकरण और Update कार्यों की प्रगति को लेकर जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक DC नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई।
बैठक में DC ने निर्देश दिया कि जिन लोगों का अब तक आधार नहीं बना है या अपडेट नहीं हुआ है, उनके लिए विशेष शिविर लगाए जाएं। इससे अधिक से अधिक लोगों का आधार पंजीकरण और सुधार कार्य किया जा सकेगा। उन्होंने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा।
डीसी ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी विभागों में Updated-L1 डिवाइस लगाने और बायोमेट्रिक हाजिरी को पूरी तरह लागू करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि जिले के 16 बैंकों में आधार पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इस पर डीसी ने आम लोगों की सुविधा के लिए और अधिक बैंक शाखाओं में यह सुविधा शुरू करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार किट उपलब्ध है, वहां जल्द से जल्द आधार पंजीकरण शुरू किया जाए। इसके अलावा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लंबित मामलों का तेजी से निपटारा करने और संबंधित अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद Report देने को कहा गया।
DC ने सभी अधिकारियों को आधार से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और आम लोगों को सरल व सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), UID के क्षेत्रीय कार्यालय रांची के प्रतिनिधि, DPO (UID), CSCमैनेजर और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

