12 हजार कर्मचारियों की छंटनी, 6 महीने में आधा हुआ शेयर… Oracle पर क्यों आया संकट

Oracle News: अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी Oracle इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रही है। कंपनी ने एक झटके में 12 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को निकाल दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें बड़ी संख्या भारतीय कर्मचारियों की भी बताई जा रही है। इतना ही नहीं, छंटनी का दायरा 30 हजार कर्मचारियों तक पहुंचने की आशंका है। यानी अभी भी हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार Oracle में कुल कर्मचारियों की संख्या करीब 1.60 लाख है और कंपनी करीब 18 फीसदी वैश्विक वर्कफोर्स कम करने की तैयारी में है।

कंपनी का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स में भारी निवेश के कारण खर्च तेजी से बढ़ा है। इसी वजह से छंटनी करना मजबूरी बन गया।

हालांकि कंपनी के को-फाउंडर लैरी एलिसन ने इस मुद्दे पर कोई सीधा बयान नहीं दिया है। कर्मचारियों को ईमेल के जरिए नौकरी से निकालने की सूचना दी गई है और कंपनी के किसी बड़े अधिकारी ने भी सार्वजनिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

मुनाफा घटा, खर्च बढ़ा, बिगड़ती गई कंपनी की हालत

Oracle की आर्थिक स्थिति भी पिछले कुछ समय से कमजोर होती दिख रही है। कंपनी का मुनाफा लगातार घट रहा है, जबकि खर्च बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कंपनी कर्मचारियों की संख्या कम करके आर्थिक दबाव कम करने की कोशिश कर रही है।

6 महीने में 50 फीसदी गिरा शेयर

Oracle Corp अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी है। फिलहाल कंपनी के एक शेयर की कीमत करीब 145.23 डॉलर है। लेकिन 6 महीने पहले सितंबर 2025 में यही शेयर करीब 300 डॉलर पर था। यानी कंपनी का शेयर 50 फीसदी तक गिर चुका है। शेयर में गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप भी तेजी से घटा है। सितंबर 2025 में कंपनी का मार्केट कैप करीब 80 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा था।
अब यह घटकर करीब 39 लाख करोड़ रुपये रह गया है। यानी सिर्फ 6 महीने में कंपनी की वैल्यू करीब 40 लाख करोड़ रुपये कम हो गई।

फिर भी भारत की सबसे बड़ी कंपनी से दोगुनी

गिरावट के बावजूद Oracle का मार्केट कैप अभी भी काफी बड़ा है। कंपनी का मार्केट कैप करीब 420 अरब डॉलर यानी लगभग 39 लाख करोड़ रुपये है। यह भारत की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से भी दोगुना है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप करीब 18 लाख करोड़ रुपये के आसपास है।

AI ने बढ़ाई बड़ी IT कंपनियों की मुश्किल

Oracle ही नहीं, कई बड़ी आईटी कंपनियां भी इन दिनों चुनौती का सामना कर रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने पारंपरिक आईटी कंपनियों पर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि Oracle का कहना है कि कंपनी ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल सर्विसेज में निवेश बढ़ाया है। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में इससे फायदा होगा।

1977 में हुई थी Oracle की शुरुआत

Oracle एक अमेरिकी मल्टीनेशनल टेक कंपनी है। कंपनी डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम, क्लाउड कंप्यूटिंग और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर सेवाएं देती है। Oracle की शुरुआत साल 1977 में हुई थी। अब देखना होगा कि छंटनी और निवेश की नई रणनीति से कंपनी इस संकट से कितनी जल्दी बाहर निकल पाती है।

Hot this week

हजारीबाग कांड : सियासत गरमाई, भाजपा ने जांच की उठाई मांग

Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग में चैत्र नवरात्र के...

Topics

हजारीबाग कांड : सियासत गरमाई, भाजपा ने जांच की उठाई मांग

Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग में चैत्र नवरात्र के...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img