Deoghar : झारखंड के देवघर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से नगर थाना में गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों को देवघर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े इनपुट मिले थे। इसी आधार पर NIA और ATS ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। सबसे पहले नंदन पहाड़ के पास नंदी नगर मोहल्ले में कार्रवाई कर एक युवक को हिरासत में लिया गया। इसके बाद भुरभुरा मोड़ के पास दूसरी छापेमारी में एक और संदिग्ध को पकड़ा गया।
बिहार से जुड़े तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक बिहार के आरा जिले का रहने वाला है। उसके पिता देवघर के एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं और परिवार कुंडा थाना क्षेत्र में रहता है। बताया जा रहा है कि युवक हाल के दिनों में अपने ननिहाल में ठहरा हुआ था।
शहर में बढ़ी हलचल, जांच जारी
छापेमारी के बाद शहर में हलचल तेज हो गई है। दोनों संदिग्धों से NIA और ATS के अधिकारी नगर थाना में पूछताछ कर रहे हैं। जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।

