Patna : पटना के बाईपास थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 10 साल की छात्रा रोशनी कुमारी का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची का शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर एक गली में कंबल में लिपटा हुआ मिला।
सुबह दूध देने निकली थी, फिर नहीं लौटी
परिजनों के अनुसार, रोशनी बुधवार सुबह पड़ोस में दूध देने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
अगले दिन गली में मिला शव
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने गली में कंबल में लिपटा बच्ची का शव देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हत्या से पहले बेरहमी से पिटाई की आशंका
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के शरीर पर कई गहरे जख्म मिले हैं। इससे अंदेशा है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या कहीं और की गई और शव को बाद में यहां लाकर फेंका गया।
जांच में जुटी पुलिस, FSL और डॉग स्क्वॉड सक्रिय
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ जारी है।
परिवार में मातम, इलाके में आक्रोश
बेटी की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

