Palamu : आयोजित NEET UG परीक्षा के दौरान रविवार को मेदिनीनगर स्थित योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गंभीर लापरवाही सामने आई। तय समय दोपहर 2 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन एक कमरे के छात्रों को काफी देर तक प्रश्नपत्र ही नहीं मिला। मिली जानकारी के अनुसार कमरा नंबर 11 में बैठे लगभग 48 अभ्यर्थियों को डेढ़ घंटे तक प्रश्नपत्र का इंतजार करना पड़ा। इससे छात्रों में बेचैनी और नाराजगी बढ़ गई।
छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन
करीब 3 बजे तक प्रश्नपत्र नहीं मिलने पर छात्रों ने परीक्षा हॉल में विरोध शुरू कर दिया। बाद में वे मुख्य गेट तक पहुंच गए और गेट पीटकर अपनी नाराजगी जताई। बाहर आकर उन्होंने अपनी समस्या भी बताई। छात्रों का कहना है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिया गया कि प्रश्नपत्र प्रिंट कराकर दिया जाएगा, लेकिन समय बीतता रहा और कोई ठोस व्यवस्था नहीं हुई। इससे परीक्षा का अहम समय बर्बाद हो गया और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
हंगामे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। सदर एसडीओ, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर दोबारा परीक्षा हॉल में भेजा।
Also Read : तेहरान के बाजारों की रौनक ने चौंकाया: ट्रंप के दावों से अलग दिखी जमीनी हकीकत

