Ranchi : पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन पर दामोदर नदी को प्रदूषित करने का आरोप लगाया है। सरयू राय के अनुसार, ताप बिजली घर से निकलने वाला गंदा पानी राख, छाई, तेल और हानिकारक रसायनों से भरा होता है। यह बहिस्राव कोनार नदी के रास्ते दामोदर नदी में मिल रहा है, जिससे पानी प्रदूषित हो रहा है।
ऐश पौंड से ही नदी में जा रहा गंदा पानी
उन्होंने कहा कि सामान्य प्रक्रिया में इस गंदे पानी को ऐश पौंड में जमा किया जाता है, ताकि यह नदी में न जाए। लेकिन अब यही दूषित पानी ऐश पौंड से बाहर निकलकर सीधे नदी में पहुंच रहा है। सरयू राय ने बताया कि ऐश पौंड तक जाने वाली पाइपलाइन फट गई है। इसके कारण गंदा पानी बाहर गिरकर नाले के जरिए कोनार नदी में जा रहा है और फिर दामोदर को प्रदूषित कर रहा है।
DC से कार्रवाई की मांग
उन्होंने बोकारो के DC को इस मामले की जानकारी देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जिला पर्यावरण समिति के तहत प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। सरयू राय ने कहा कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी पाइप फटने या ऐश पौंड की दीवार टूटने से प्रदूषण की घटनाएं सामने आती रही हैं।

