Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। यह घटना रूटुगुटू के घने जंगलों में उस समय हुई, जब कोबरा 209 बटालियन के जवान सर्च ऑपरेशन के दौरान गश्त कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही जवान जंगल के अंदर आगे बढ़े, पहले से घात लगाए बैठे माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से जवाबी कार्रवाई हुई।
मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर जारी रही, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और अतिरिक्त जवानों को भी अलर्ट पर रखा गया है। जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जवान पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में इस इलाके में माओवादी गतिविधियां बढ़ने की आशंका थी। एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद से स्थिति और संवेदनशील हो गई है। जानकारी के मुताबिक, माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन इस क्षेत्र में सक्रिय है। सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही इनपुट मिले थे कि सारंडा और कोल्हान इलाके में माओवादी फिर सक्रिय हो सकते हैं। इस मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

