UAE: Narendra Modi ने मंगलवार 5 मई को UAE के फुजैरा शहर पर हुए ड्रोन हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। UAE ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
‘नागरिकों को निशाना बनाना बिल्कुल गलत’
पीएम मोदी ने कहा कि आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हमला किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि भारत इस मामले में UAE के साथ पूरी तरह खड़ा है और शांति के लिए कूटनीतिक रास्ते का समर्थन करता है।

होर्मुज स्ट्रेट पर भारत का सख्त रुख
पीएम ने Strait of Hormuz को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते से सुरक्षित और बिना रुकावट आवाजाही बेहद जरूरी है, क्योंकि यह क्षेत्रीय शांति और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ी चिंता
फुजैरा पर हमला ऐसे वक्त हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर तनाव बना हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया का करीब 20% तेल और गैस गुजरता है, इसलिए यहां कोई भी बाधा वैश्विक स्तर पर असर डाल सकती है।
मिसाइल और ड्रोन हमले को किया गया नाकाम
UAE के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसने ईरान की ओर से दागी गई 12 बैलिस्टिक मिसाइल, 3 क्रूज मिसाइल और 4 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
तेल की कीमतों और वैश्विक असर की चिंता
इस संघर्ष का असर अब वैश्विक बाजार पर भी दिखने लगा है। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और कई देशों में ऊर्जा संकट गहराने का खतरा पैदा हो गया है।

