गढ़वा में दर्दनाक हादसा : पेट्रोल से भरा गैलन फटा, युवक जिंदा जल गया

Garhwa : गढ़वा जिले में आज यानी गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पेट्रोल स्टॉक करने के लिए गैलन में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना के बाद आग में झुलसकर मौत हो गई। युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया था और रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ हादसा

यह घटना गढ़वा-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर गढ़वा थाना क्षेत्र के लोटो गांव के पास हुई। मृतक की शिनाख्त लोटो गांव निवासी शंभू प्रसाद गुप्ता के तौर पर की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शंभू प्रसाद गुप्ता गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल भरवाकर मोपेड से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से सड़क पर आए, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेट्रोल से भरा गैलन युवक पर गिरकर फट गया। गैलन के फटते ही पेट्रोल पूरे शरीर पर फैल गया और देखते ही देखते युवक आग की लपटों में घिर गया।

आग की लपटों में घिरकर सड़क पर दौड़ता रहा युवक

हादसे के बाद मौके पर बेहद भयावह दृश्य देखने को मिला। पेट्रोल गिरते ही युवक के पूरे शरीर में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ता रहा और उसके शरीर से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। आसपास मौजूद लोग दौड़कर उसे बचाने की कोशिश करने लगे। किसी ने पानी डाला तो किसी ने कपड़े से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले गए।

80 प्रतिशत तक झुलस चुका था युवक

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका था। परिजन उसे एंबुलेंस से रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

पेट्रोल खत्म होने के डर से गैलन में भरवा रहा था पेट्रोल

परिजनों ने बताया कि युवक को डर था कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण कहीं पेट्रोल की किल्लत न हो जाए। इसी वजह से वह पेट्रोल को गैलन में भरवाकर घर में स्टॉक करना चाहता था। ओबरा पंचायत के मुखिया राम लगन राम ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पेट्रोल की संभावित कमी की अफवाह के कारण युवक पेट्रोल जमा करने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।

पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैली अफवाह

दरअसल, इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण मिडिल ईस्ट के हालात को लेकर देशभर में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी की अफवाह फैल रही है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सिर्फ एलपीजी सिलेंडर को लेकर कुछ जगहों पर दिक्कत की बात सामने आई है। फिर भी लोगों में डर है कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं, इसलिए कई लोग पेट्रोल और डीजल स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर स्टॉक करने पर होगी कार्रवाई

गढ़वा के डीसी दिनेश यादव ने इस मामले में सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल या एलपीजी सिलेंडर को स्टॉक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि देश में इन सभी चीजों का करीब आठ हफ्ते का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक में आकर पेट्रोल-डीजल जमा न करने की अपील की। साथ ही प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहा है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही गई है।

पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की छापेमारी

इधर, स्थिति को देखते हुए जिले के एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। प्रशासन की टीम के पहुंचते ही पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने पेट्रोल पंप मालिकों को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में गैलन या प्लास्टिक के डिब्बे में पेट्रोल न दें। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक स्टॉक न करें और अफवाहों से बचें।

Hot this week

कोडरमा-जमुना रोड पर बाइक और हाइवा की टक्कर, दो की दर्दनाक मौत

Bike and Hiva Collision: कोडरमा थाना क्षेत्र के जलवाबाद...

झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव : अधिवक्ताओं में उत्साह, मतदान शांतिपूर्ण

Jamshedpur : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के लिए...

झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक में 40 प्रस्तावों को हरी झंडी

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड...

Topics

झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक में 40 प्रस्तावों को हरी झंडी

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img