Tamil Nadu election 2026 : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होने के बाद अपने-अपने गृह जिलों से लौट रहे लोगों की भीड़ के कारण हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। खासतौर पर चेन्नई जाने वाली Flights के टिकट कई गुना महंगे हो गए हैं।
हालांकि ज्यादातर लोग ट्रेन और सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस बार फ्लाइट से यात्रा करने वालों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। रविवार रात से ही थूथुकुडी, मदुरै, त्रिची और कोयंबटूर से चेन्नई आने वाली उड़ानों में भारी भीड़ देखी जा रही है।
टिकटों की भारी मांग के कारण अधिकांश फ्लाइट्स लगभग फुल हो चुकी हैं और जो कुछ टिकट बचे हैं, उनकी कीमत सामान्य से कई गुना ज्यादा हो गई है। उदाहरण के तौर पर, थूथुकुडी-चेन्नई रूट का किराया करीब 5,354 रुपये से बढ़कर 17,089 रुपये तक पहुंच गया है।
इसी तरह, Madurai-Chennai flight का किराया 5,099 रुपये से बढ़कर 32,508 रुपये तक पहुंच गया है, जो छह गुना से भी ज्यादा है। वहीं त्रिची-चेन्नई का किराया 4,551 रुपये से बढ़कर 14,310 रुपये और कोयंबटूर-चेन्नई का किराया 4,634 रुपये से बढ़कर 11,149 रुपये हो गया है।
किराए में इस तेज बढ़ोतरी से उन यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है, जो मतदान के बाद चेन्नई लौटने की योजना बना रहे थे।
गौरतलब है कि राज्य में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 85.15 Percentage Voting दर्ज की गई। अब 4 मई को मतगणना होगी, जिसके लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

