Bokaro Road Collapse : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना (Kenduadih Police Station) क्षेत्र के पास बुधवार को अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार सड़क करीब दो फीट तक नीचे धंस गई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर कई जगह दरारें भी दिखाई दे रही हैं। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही केंदुआडीह थाना की Police मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी।
पुलिस द्वारा राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। फिलहाल बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को सूचना दे दी है। सड़क धंसने के कारणों की जांच की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि यह सड़क रांची को धनबाद से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इसके बंद होने से लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। उन्होंने BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि इलाके में पहले भी जहरीली गैस के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए Barricading कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है और BCCL अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

