Dhanbad : राज्य के होमगार्ड जवानों के बैंक खातों के सत्यापन को लेकर वित्त विभाग ने नई प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत सभी जवानों को एक निर्धारित फॉर्म भरकर अपने-अपने जिला कार्यालय में जमा करना होगा।
वित्त विभाग ने इस संबंध में गृहरक्षा वाहिनी के महानिदेशक सह महासमादेष्टा को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके बाद गृहरक्षा वाहिनी की ओर से सभी जिलों को आदेश जारी किया गया और जवानों को नोटिस देकर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
आदेश के अनुसार, कर्तव्य भत्ता (ड्यूटी अलाउंस) के भुगतान से पहले बैंक खातों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है। जो जवान निर्धारित फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करेंगे, उन्हें भत्ता का भुगतान नहीं किया जाएगा।
फॉर्म में पेयी आईडी, नाम, सैन्य संख्या, बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नामांकन की तिथि, आधार संख्या, पैन नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड जैसी जानकारी देनी होगी। साथ ही सभी दस्तावेजों को स्व-अभिप्रमाणित (self-attested) करना भी जरूरी है।
इस बीच, Jharkhand Home Guard Welfare Association ने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रवि मुखर्जी ने कहा कि वित्त विभाग का यह कदम उचित नहीं है। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे होमगार्ड जवानों के पास राज्य का पूरा खजाना हो।

