Ranchi : झारखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 46 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में शुक्रवार रात अधिसूचना जारी की। इस बदलाव में एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार के इस फैसले के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। मनोज कौशिक को एडीजी सीआईडी के साथ एडीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पंकज कम्बोज को आईजी मानवाधिकार की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नरेंद्र कुमार सिंह को आईजी अभियान रांची के साथ आईजी पलामू का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को आईजी बोकारो, जबकि क्रांति कुमार गेड़िदेशी को आईजी निगरानी-सह-सुरक्षा (JSEB) बनाया गया है। माईकेलराज एस. को आईजी रेल रांची और सुनील भाष्कर को आईजी झारखंड सशस्त्र पुलिस रांची की जिम्मेदारी दी गई है।
मध्य स्तर के अधिकारियों में भी कई बदलाव किए गए हैं। प्रशांत आनंद को एसपी संचार एवं तकनीकी सेवा रांची बनाया गया है। निधि द्विवेदी को सरायकेला-खरसावां का एसपी, आशुतोष शेखर को गढ़वा का एसपी और अनुदीप सिंह को पाकुड़ का एसपी नियुक्त किया गया है। प्रवीण पुष्कर को देवघर और मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़ का एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा अजय कुमार और सुमित कुमार अग्रवाल को एसीबी रांची में नई जिम्मेदारी दी गई है। नाथू सिंह मीणा को बोकारो का एसपी, अनिमेष नैथानी को चतरा का एसपी और अमन कुमार को हजारीबाग का एसपी बनाया गया है।
अन्य तबादलों में कुमार शिवाशीष को कोडरमा, कपिल चौधारी को पलामू, मनीष टोप्पो को एससीआरबी रांची और दीपक कुमार शर्मा को एसपी अभियान रांची नियुक्त किया गया है। वहीं अंजनी अंजन, रीष्मा रमेशन और कुसुम पुनिया को विभिन्न बटालियन में कमांडेंट की जिम्मेदारी दी गई है।
कई युवा अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। एस. मोहम्मद याकूब को ग्रामीण धनबाद, गौरव गोस्वामी को ग्रामीण रांची, शुभम खण्डेवाल को ग्रामीण जमशेदपुर और ललित मीणा को नगर जमशेदपुर का एसपी बनाया गया है।
नए अधिकारियों में निखिल राय, ऋषभ त्रिवेदी और श्रुति को रांची व जमशेदपुर में एएसपी और एसडीपीओ के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं प्रशिक्षण पूरा कर चुके दिव्यांश शुक्ला, राघवेन्द्र शर्मा और सैयद मुस्तफा हासमी को अलग-अलग अनुमंडलों में एसडीपीओ बनाया गया है।
सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है।

