Kanker/Bastar : बस्तर इलाके में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले में 8 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर दारसु शोरी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, दारसु शोरी पीपल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की कंपनी नंबर 5 में सक्रिय था और उत्तरी बस्तर डिवीजन कमेटी के तहत काम करता था। उसने सरेंडर के दौरान एक AK-47 राइफल और कुछ संचार उपकरण भी पुलिस को सौंपे।
संगठन में निभा रहा था अहम भूमिका
अधिकारियों ने बताया कि दारसु शोरी संगठन में PPCM स्तर का सदस्य था और लॉजिस्टिक सपोर्ट, लैंडमाइन लगाने तथा सेक्शन कमांडर जैसी जिम्मेदारियां संभालता था। उससे मिली जानकारी के आधार पर अब पुलिस अन्य माओवादी कैडरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने किया स्वागत, अन्य नक्सलियों से अपील
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने इस आत्मसमर्पण को सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कई माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जो अच्छा संकेत है। आईजी ने बाकी माओवादी कैडरों से भी हथियार छोड़कर समाज में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरेंडर करने वालों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था है, लेकिन हिंसा जारी रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

