Giridih : गिरिडीह शहर के गांधी चौक के पास स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम (JBVNL) के स्टोर रूम में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए पास की एक गुमटी को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में खुद ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ियां अन्य जगहों पर व्यस्त होने के कारण देर से पहुंचीं।
दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू
करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान नगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में लगी रही।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस घटना में स्टोर में रखे बिजली के उपकरण, तार और ट्रांसफार्मर से जुड़ी सामग्री जलकर राख हो गई। विभाग के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

