Koderma : जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरीडीह गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान राज पंडित (पिता- राजेश पंडित) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गांव में कैलाश दास के पुत्र का घृतढारी समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें चोपनाडीह से डीजे वाहन मंगाया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीजे वाहन वापस लौट रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे बैठे राज पंडित, विकास पंडित और 75 वर्षीय सोबरन पंडित को वाहन ने कुचल दिया।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन का पहिया राज पंडित के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विकास पंडित और सोबरन पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राज पंडित को मृत घोषित कर दिया। घायल विकास और सोबरन पंडित की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि मृतक के पिता राजेश पंडित मुंबई में ऑटो चलाते हैं। राज उनका छोटा बेटा था और कक्षा आठवीं में पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे में शामिल डीजे वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण वाहन चालक की लापरवाही माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

