New Delhi : IPL 2026 में आज यानी मंगलवार को Rajasthan Royals और Punjab Kings के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आंकड़ों के आधार पर इस मैच में राजस्थान की टीम ज्यादा मजबूत नजर आ रही है, खासकर पावरप्ले के प्रदर्शन में। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में शुरुआती 6 ओवरों (पावरप्ले) में शानदार खेल दिखाया है। टीम ने अब तक पावरप्ले में सबसे ज्यादा 20 विकेट लिए हैं और उनका गेंदबाजी औसत लगभग 22 का रहा है। वहीं, पंजाब किंग्स इस मामले में पीछे है, जिसने केवल 8 विकेट लिए हैं और उनका औसत 52.25 रहा है, जो काफी महंगा साबित हुआ है।
पॉइंट्स टेबल में भी राजस्थान की स्थिति बेहतर है। टीम ने 8 मैचों में 5 जीत और 3 हार के साथ चौथा स्थान हासिल किया हुआ है। उनका नेट रन रेट +0.602 है, जो टीम के संतुलित प्रदर्शन को दिखाता है। राजस्थान की रणनीति साफ है पावरप्ले में ही पंजाब के टॉप ऑर्डर को झटका देना। टीम के तेज गेंदबाज Jofra Archer (13 विकेट) शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में माहिर हैं और पंजाब के बल्लेबाजों के लिए खतरा बन सकते हैं।
वहीं बल्लेबाजी में Vaibhav Suryavanshi शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन में 357 रन बनाए हैं और 32 छक्के लगाए हैं। पावरप्ले में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी विरोधी टीम पर दबाव बना देती है। अगर पंजाब किंग्स को इस मैच में जीत हासिल करनी है, तो उन्हें अपने पावरप्ले के खेल में सुधार करना होगा। शुरुआती ओवरों में विकेट बचाने और गेंदबाजी में जल्दी सफलता हासिल करना उनके लिए बेहद जरूरी होगा।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें राजस्थान रॉयल्स ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स को 13 मैचों में जीत मिली है।
पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम की पिच नंबर 4 पर खेला जाएगा। इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है। पहले खेले गए मैच में 163 रन का लक्ष्य हासिल करना भी मुश्किल साबित हुआ था। मैच के दौरान गर्मी रहेगी, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे खेल प्रभावित होने के आसार हैं।
संभावित प्लेइंग 11
- पंजाब किंग्स : प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, मार्को जानसन, विजयकुमार वैसाख, युजवेंद्र चहल।
- राजस्थान रॉयल्स : वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, ब्रिजेश शर्मा।
