Patna : पटना के लालबाग इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक अज्ञात युवक ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं। घटना अशोक राजपथ स्थित लालबाग क्षेत्र की है, जहां दंपती किराए के मकान में रहते थे। नवाज आलम एक मॉल में सेल्समैन के रूप में काम करते थे। सुबह करीब 7 बजे हमलावर घर में घुसा और सो रहे दंपती पर हमला कर दिया।
घायल नाजिया परवीन ने बताया कि एक युवक अचानक कमरे में घुसा और उनके पति के सीने पर बैठकर गला काट दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। करीब पांच मिनट तक संघर्ष के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर पहुंचकर देखा कि अंदर का सामान बिखरा हुआ था और हर तरफ खून फैला हुआ था। नाजिया को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 16 से 18 साल के बीच हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

