Dhanbad : झारखंड के धनबाद में भाजपा नेता अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। अमृत दास भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके थे। उनकी मौत के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों पत्नियों के बीच झगड़ा हुआ था, जो शॉपिंग को लेकर शुरू हुआ और बाद में बढ़ गया। इसके अगले दिन शुक्रवार सुबह उनका शव घर के अंदर मिला।
मामले की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घर से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पत्नियों और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का। थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत के अनुसार, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। वहीं, मृतक की मां और बहन ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक विवाद के कारण उनकी हत्या की गई है। परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

