Shravan Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 को लेकर झारखंड सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 31 जुलाई से शुरू होने वाले इस राजकीय मेले के मद्देनजर रविवार को देवघर स्थित Circuit House में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने की, जिसमें देवघर और दुमका के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार और बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। खासतौर पर Baba Baidyanath Dham मंदिर और बासुकीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
बैठक में शशि प्रकाश सिंह, प्रवीण पुष्कर, अभिजीत सिन्हा और पीतांबर सिंह ने अपने-अपने जिलों में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। इसके अलावा संथाल परगना के आयुक्त संजय कुमार भी बैठक में मौजूद रहे।
मंत्री ने बताया कि इस बार मेले में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए Artifical Intelligence का इस्तेमाल किया जाएगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
फुटओवर ब्रिज निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि इसका डीपीआर तैयार हो चुका है, लेकिन यह एक बड़ा Project होने के कारण इसे पूरा होने में समय लगेगा। मंत्री ने भरोसा जताया कि मेला शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि देवघर और दुमका में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

